अररिया जिले के रहिका टोला निवासी डॉ. राजिक अनवर ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय (अमेरिका) ने एल्सेवियर के सहयोग से हाल ही में जारी की गई सूची में उन्हें दुनिया के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल किया है।
वर्तमान में डॉ. राजिक सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित इमाम मुहम्मद यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ मेडिसिन में माइक्रोबायोलॉजी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। वह पिछले 12 वर्षों से एमबीबीएस छात्रों को शिक्षित कर रहे हैं।
डॉ. राजिक अनवर ने अब तक विज्ञान के विभिन्न विषयों पर कई महत्वपूर्ण शोध कार्य किए हैं। उनके कई रिसर्च अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त पत्रिकाओं जैसे द लैंसेट और नेचर मेडिसिन में प्रकाशित हो चुके हैं।
साथ ही, वे सऊदी अरब में अमेरिकन सोसाइटी फॉर माइक्रोबायोलॉजी (ASM) के युवा राजदूत भी हैं और उन्हें अमेरिका सहित कई देशों में आयोजित वैज्ञानिक मंचों पर अपने शोध प्रस्तुत करने का अवसर मिला है।
यह उपलब्धि न केवल उनके लिए बल्कि पूरे अररिया और बिहार के लिए गर्व का विषय है।







