ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महान आर्यमन सिंधिया संभालेंगे MPCA की कमान, तीन पीढ़ियों से सिंधिया परिवार पद पर काबिज

By: Degital Team

On: Tuesday, September 2, 2025 10:58 AM

ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महान आर्यमन सिंधिया संभालेंगे MPCA की कमान, तीन पीढ़ियों से सिंधिया परिवार पद पर काबिज
Google News
Follow Us
---Advertisement---

MPCA अध्यक्ष चुनाव 2025 : ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महान आर्यमन सिंधिया 29 वर्ष की उम्र में मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (MPCA) के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। सिंधिया परिवार लगातार तीसरी पीढ़ी से इस पद पर काबिज, नई कार्यकारिणी घोषित।

मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (MPCA) के अध्यक्ष पद पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र महान आर्यमन सिंधिया निर्विरोध चुने गए हैं। महान आर्यमन, ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (GDCA) के उपाध्यक्ष भी हैं। वे MPCA के इतिहास में सबसे युवा अध्यक्ष बने हैं। उनकी उम्र 29 साल है। यह संगठन 1957 में स्थापित हुआ था। महान आर्यमन सिंधिया ग्वालियर के पूर्व राजघराने की तीसरी पीढ़ी हैं, जो अब MPCA की कमान संभालेंगे.

MPCA के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (CAO) रोहित पंडित ने बताया कि MPCA के चुनाव में अध्यक्ष सहित कार्यकारिणी के सभी पद निर्विरोध चुने गए। पूरी कार्यकारिणी सर्वसम्मति से चुनी गई है। यह निर्णय AGM (वार्षिक आम बैठक) में 2 सितंबर को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिसके बाद सभी पदाधिकारी अपना कार्यभार संभालेंगे.

नई कार्यकारिणी में कौन-कौन

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में विनीत सेठिया उपाध्यक्ष, सुधीर असनानी सचिव, अरुंधति किर्किरे संयुक्त सचिव और संजीव दुआ कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं। कार्यकारिणी समिति में संध्या अग्रवाल, प्रसून कनमडिकर, राजीव रिसोदकर व विजेश राणा शामिल हैं। क्रिकेट समिति में प्रदीप बनर्जी, रमणीक पटेल और अभय लाघाटे को जगह दी गई है.

पीढ़ियों से सिंधिया परिवार पकड़

MPCA पर सिंधिया परिवार की कई दशकों से मजबूत पकड़ रही है। महान आर्यमन के दिवंगत दादा माधवराव सिंधिया और पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया दोनों ही इस पद पर रह चुके हैं। महान आर्यमन 2022 में GDCA के उपाध्यक्ष बने और उसी वर्ष MPCA के आजीवन सदस्य भी बनाए गए। वे राज्य की टी20 क्रिकेट लीग (MPL) के भी अध्यक्ष हैं, जिसकी शुरुआत 2024 में ग्वालियर से की गई थी.

15 साल पहले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सिंधिया परिवार की इस एकछत्र सत्ता को चुनौती दी थी, लेकिन 2010 के चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विजयवर्गीय को 70 वोटों से हरा दिया था। बाद में 2017 में लोढ़ा समिति की अनुशंसाओं के कारण ज्योतिरादित्य सिंधिया और संजय जगदाले को अपने पद छोड़ने पड़े, क्योंकि वे सात से अधिक वर्षों से कार्यकारिणी के अलग-अलग पदों पर रहे थे, जिससे वे अयोग्य हो गए थे.

 महान आर्यमन की प्रतिक्रिया

निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर महान आर्यमन सिंधिया ने कहा, “यह मेरे लिए भावुक क्षण है, क्योंकि मेरे दादा और पिता दोनों MPCA के अध्यक्ष रह चुके हैं। मुझे खुशी है कि MPCA परिवार ने मुझ पर विश्वास किया है। मैं युवाओं और ग्रामीण इलाकों की महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए काम करूंगा।”

For Feedback - editor@newsonehindi.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now