MP News : भोपाल कलेक्टर ने पश्चिमी बायपास प्रोजेक्ट के लिए 155 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण का आदेश दिया। 3000 करोड़ की लागत से 35.60 किमी लंबा चार लेन रोड बनेगा।
भोपाल। राजधानी भोपाल में पश्चिमी बायपास प्रोजेक्ट को फिर से गति मिली है। प्रोजेक्ट के लिए नई भू-अर्जन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रमसिंह ने इसके लिए टीम बनाई है। इस टीम में हुजूर एसडीएम अध्यक्ष होंगे। साथ ही तहसीलदार, वार्ड पार्षद, सरपंच, ग्राम के पटवारी और राजस्व निरीक्षक को शामिल किया गया है।
कलेक्टर का कहना है कि सभी विभाग जल्द ही प्रक्रिया पूरी करेंगे। लक्ष्य है कि आने वाले समय में बायपास का काम शुरू हो जाए और भोपाल को नई सड़क सुविधा मिल सके। टीम अगले छह माह में भू-अर्जन की प्रक्रिया पूरी करेगी, शासन ने इस प्रोजेक्ट में करीब 3000 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है।
35.60 किमी लंबा बायपास बनेगा
पश्चिमी बायपास की लंबाई 35.60 किलोमीटर तय की गई है। यह सड़क रतनपुर रोड के 11 मील जोड़ से शुरू होकर फंदा कला तक चार लेन में बनेगी। यह बायपास शहर की सीमा तय करेगा। बाहर से आने वाले ऐसे वाहन, जिन्हें शहर में प्रवेश नहीं करना होगा, वे इसी मार्ग से निकल सकेंगे। इससे शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
भू-अर्जन की मुख्य जानकारी
इस प्रोजेक्ट के लिए कुल 155.731 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जा रही है। अलग-अलग गांव की जमीन इसमें शामिल है।
- भानपुर केकडिया – 15.9929 हेक्टेयर
- समसगढ़ – 14.0685 हेक्टेयर
- समसपुरा – 10.2719 हेक्टेयर
- सरवर – 2.0694 हेक्टेयर
- झागरिया खुर्द – 17.8365 हेक्टेयर
- मूंडला – 12.8594 हेक्टेयर
- नरेला – 13.5931 हेक्टेयर
- टीलाखेड़ी – 4.5198 हेक्टेयर
- जाटखेड़ी – 8.2897 हेक्टेयर
- खोकरिया – 7.0626 हेक्टेयर
- हताईखेड़ी – 4.0910 हेक्टेयर
- दूबड़ी – 7.5226 हेक्टेयर
- पिपलिया धाकड़ – 7.4606 हेक्टेयर
- फंदा खुर्द – 9.163 हेक्टेयर
- फंदा कलां – 14.1189 हेक्टेयर







