MP News : मध्यप्रदेश साइबर पुलिस ने सिम सप्लाई गिरोह का भंडाफोड़ किया। गिरोह ने 7500 फर्जी सिम देश व विदेश भेजीं। पूछताछ में सिम नेटवर्क और बैंक खातों का खुलासा।
भोपाल। मध्यप्रदेश साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की एसओजी टीम ने सिम सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह आम लोगों से धोखा देकर कंपनियों से हजारों सिम कार्ड निकलवाता था।
पुलिस ने गिरोह से जुड़े 51 लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपियों ने बताया कि वे सिम सप्लाई नेटवर्क बनाकर काम करते थे। फर्जी सिम सप्लाई कंबोडिया और थाईलैंड तक भेजी गई।
सिम बेचने का खेल
गिरोह ने 7500 से ज्यादा फर्जी सिम बाजार में खपाईं। सप्लाई करने के लिए उन्होंने एजेंट भी नियुक्त किए थे। एजेंट को हर सिम पर कमीशन मिलता था। जब भी पुलिस की सख्ती बढ़ती, तो वे सिम के दाम बढ़ा देते थे। एक-एक सिम 1000 रुपए तक बेची जा रही थी।
टेलीकॉम कंपनियां भी जांच के घेरे में
प्राथमिक जांच में सामने आया कि टेलीकॉम कंपनियों ने सिम वेरिफिकेशन का काम निजी ठेकेदारों को दे रखा है। पुलिस अब इन ठेका कंपनियों की भूमिका भी देख रही है। 3824 सिम सप्लायरों से जुड़ी 7500 फर्जी सिम की जांच जारी है।
फर्जी बैंक खातों का जाल
पूछताछ में सामने आया कि इन सिमों का इस्तेमाल फर्जी बैंक खाते खोलने में किया गया। इन खातों के जरिए साइबर ठगी होती थी।
पुलिस ने अब ऐसे खातों की सूची तैयार कर ली है। खातों की हिस्ट्री निकाली जाएगी। संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जांच होगी और पैसे को होल्ड कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि यह बड़ा नेटवर्क है। शुरुआती जांच के बाद और गिरफ्तारी हो सकती है।







