MP गज़ब है : भोपाल में रहने वाले आईटी इंजीनियर दंपत्ति के बीच पालतू बिल्ली और कुत्ते के झगड़े ने रिश्ता तोड़ने पर मजबूर कर दिया। पत्नी बोली- “पति को छोड़ दूंगी, लेकिन बिल्ली को नहीं।” फैमिली कोर्ट में मामला चर्चा का विषय।
भोपाल में अजीब तलाक मामला : बिल्ली-कुत्ते की लड़ाई ने तोड़ा रिश्ता
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक आईटी सेक्टर से जुड़े दंपत्ति का रिश्ता सिर्फ इसलिए टूटने की कगार पर पहुंच गया क्योंकि उनके पालतू जानवर आपस में नहीं बन पा रहे।
यह शादी जनवरी 2025 में हुई थी। पति की उम्र करीब 32 साल और पत्नी की उम्र 28 साल बताई जा रही है। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के शुरुआती महीने सामान्य रहे। लेकिन जब पत्नी अपनी पालतू बिल्ली “मीना” को घर लेकर आई, तो विवाद बढ़ने लगा।
कुत्ते और बिल्ली की जंग
पति के पास पहले से एक कुत्ता था, जिसका नाम “टॉमी” है। इसके अलावा घर में एक खरगोश और एक फिश टैंक भी था। बिल्ली आने के बाद टॉमी लगातार उस पर भौंकता और हमला करने की कोशिश करता। एक बार तो बिल्ली घायल भी हो गई।
पत्नी का कहना है, “मेरी बिल्ली मेरी जान है। लेकिन पति का कुत्ता उसे डराता है। मैंने कई बार शिकायत की लेकिन पति ने ध्यान नहीं दिया।”
वहीं पति का कहना है कि बिल्ली ही घर में तनाव का कारण है। वह कुत्ते को चिढ़ाती है और मछलियों को पकड़ने की कोशिश करती है। पति का तर्क है कि बिल्ली के आने से घर का माहौल अशांत हो गया।

तलाक की याचिका
लगातार झगड़ों से तंग आकर दंपत्ति ने सितंबर 2025 की शुरुआत में भोपाल फैमिली कोर्ट में संयुक्त तलाक की याचिका दे दी। याचिका में दोनों ने एक-दूसरे पर अनुचित व्यवहार का आरोप लगाया, लेकिन असली कारण पालतू जानवर ही बताए।
पत्नी ने कोर्ट में साफ कहा, “मैं पति को छोड़ दूंगी, लेकिन अपनी बिल्ली को नहीं।” वहीं पति ने भी अपने पालतू जानवरों से अलग होने से इनकार कर दिया।
कोर्ट और काउंसलिंग
यह मामला कोर्ट में पहुंचते ही चर्चा का विषय बन गया। फैमिली कोर्ट के वरिष्ठ काउंसलर शैल अवस्थी को इस केस की जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने बताया, “यह एक अनोखा मामला है। ज्यादातर तलाक आर्थिक या भावनात्मक मुद्दों से जुड़ते हैं। लेकिन यहां पालतू जानवर वजह बने हैं।”
काउंसलिंग के दौरान दंपत्ति को सलाह दी गई कि घर में पालतू जानवरों के लिए अलग-अलग जगह बनाई जाए। लेकिन फिलहाल दोनों अपने फैसले पर अड़े हुए हैं।







