MP News : भोपाल साइबर शाखा ने नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना, 5G अपडेट और पीएम किसान योजना के नाम पर फैल रही नकली APK फ़ाइलों से सावधान रहने की सलाह दी है।
भोपाल में बढ़ी फर्जी APK फ़ाइलों से ठगी, पुलिस ने दी चेतावनी
भोपाल : शहर में ट्रैफ़िक ई-चालान और आरटीओ चालान की तरह अब एक नई साइबर ठगी सामने आई है। जालसाज़ अब प्रधानमंत्री आवास योजना, 5G अपडेट और पीएम किसान योजना के नाम पर लोगों को फर्जी APK फ़ाइलें भेजकर ठग रहे हैं।
साइबर अपराध शाखा ने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है। पुलिस ने कहा है कि इन फ़ाइलों को डाउनलोड करना बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसा करने पर जालसाज़ मोबाइल फ़ोन हैक कर सकते हैं। वे बैंक विवरण, पासवर्ड और OTP जैसी निजी जानकारी चुरा सकते हैं। यह डाटा बाद में बैंक खातों से पैसे निकालने में इस्तेमाल किया जाता है।
अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में कई लोग इस जाल में फँसे हैं। उन्होंने लिंक के ज़रिए ऐप डाउनलोड किए और कुछ ही समय में उनके फ़ोन व व्हाट्सएप हैक हो गए। ये नकली APK फ़ाइलें सरकारी योजनाओं के नाम पर वैध दिखने लगती हैं, जिससे लोग आसानी से भरोसा कर लेते हैं।
शिकार बनने से ऐसे बचें
- भेजने वाले की पहचान हमेशा जांचें। संदिग्ध लगे तो रिपोर्ट करें या ब्लॉक करें।
- ऑटोमैटिक ऐप डाउनलोड और अपडेट बंद रखें।
- किसी को भी बैंक जानकारी, OTP या CVV साझा न करें।
- अजनबी लिंक और पॉप-अप पर क्लिक करने से बचें।
- अगर गलती से नकली APK इंस्टॉल हो गया हो तो
तुरंत मोबाइल इंटरनेट बंद करें। - अपने बैंक से तुरंत संपर्क करें और पासवर्ड-पिन बदलें।
- जीमेल पासवर्ड बदलें व दो-चरणीय सत्यापन चालू करें।
- व्हाट्सएप पर लिंक किए गए डिवाइस की जांच करें और अनजान डिवाइस से लॉग आउट करें।
- साइबर हेल्पलाइन नंबर 9479990636 या राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।
पुलिस ने दोहराया है कि सतर्कता ही सुरक्षा है। किसी भी संदिग्ध लिंक या ऐप पर भरोसा न करें और तुरंत शिकायत करें।







