मध्य प्रदेश के अमलाई में ओरियंट पेपर मिल परिसर के अंदर कोयला अनलोड कर लौट रही मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए। हफ्तेभर में यह दूसरी बड़ी लापरवाही बताई जा रही है।
मध्य प्रदेश के अमलाई में शुक्रवार को एक बार फिर मालगाड़ी के पहिए पटरी से उतर गए। यह घटना ओरियंट पेपर मिल परिसर के अंदर हुई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया।
सूत्रों के अनुसार, यह मालगाड़ी कोयला उतारकर लौट रही थी। तभी अचानक कुछ डिब्बे ट्रैक से उतर गए। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। रेल यातायात भी प्रभावित नहीं हुआ।
हफ्तेभर में यह दूसरी बड़ी लापरवाही बताई जा रही है। इससे पहले भी इसी इलाके में मालगाड़ी के डिब्बे डीरेल हुए थे।
मिल प्रबंधन पर रखरखाव में लापरवाही के आरोप लगे हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रैक मिल प्रबंधन की जिम्मेदारी में आता है। लेकिन लंबे समय से इसका सही मेंटनेंस नहीं कराया गया है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर ऐसी घटनाओं पर ध्यान नहीं दिया गया, तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। फिलहाल, जांच जारी है और ट्रैक को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है।







