MP News : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के मोहराई गांव में मंदिर में हलवा प्रसाद खाने के बाद 175 से अधिक लोग उल्टी-दस्त की चपेट में आ गए। दो गंभीर मरीजों को अस्पताल रेफर किया गया। स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुटा है।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस तहसील के ग्राम मोहराई में एक धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर में भंडारे के बाद जैसे ही प्रसाद (हलवा) बांटा गया, 175 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए। बीमारों में उल्टी और दस्त की शिकायत देखी गई।
बीमारी फैलने की रफ्तार बहुत तेज थी। कुछ ही समय में पूरा गांव इसकी चपेट में आ गया। प्रसाद खाने के करीब आधा घंटा बाद ही ग्रामीणों को चक्कर, उल्टी और दस्त शुरू हो गए। मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और तत्काल इलाज शुरू किया। 175 लोगों का इलाज किया गया। इनमें से दो गंभीर मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोलारस रेफर किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा या मरीजों को बड़े अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा।
घटना की जांच में सामने आया कि प्रसाद में जो घी इस्तेमाल हुआ, वो बीमारी की वजह हो सकता है। ग्रामीणों के अनुसार, यह घी कोलारस के श्याम किराना स्टोर से 250 रुपये किलो में खरीदा गया था। इसी घी से हलवा बना था। प्रारंभिक आशंका है कि घी नकली था और कोलारस मे ही तैयार हुआ था। स्वास्थ्य विभाग ने कहा, जांच के बाद ही असली कारण स्पष्ट होगा।
इस हादसे के बाद मोहराई गांव में अफरा-तफरी फैल गई। मंदिर में प्रसाद वितरण के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ने से डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सभी भंडारे में शामिल थे और प्रसाद खाने के तुरंत बाद परेशानी शुरू हो गई। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।







