MP News : जबलपुर से रायपुर के बीच की खराब सड़क अब फोरलेन बनेगी। NHAI 150 किलोमीटर मार्ग को नए सिरे से 4500 करोड़ की लागत से निर्माण करेगा।
जबलपुर से रायपुर की सड़क जल्द ही नई शक्ल लेगी। इस सड़क की दशा लंबे समय से खराब है। कई हिस्सों में वाहन चालकों को डर के साथ सफर करना पड़ता है। अब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) इस सड़क को फोरलेन बनाने जा रहा है।
जबलपुर से चिल्पी तक करीब 150 किलोमीटर मार्ग का निर्माण NHAI करेगा। इस परियोजना पर 4500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अभी कंसल्टेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया चल रही है। डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर केंद्र सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही यह सड़क MPSEDC से NHAI को हस्तांतरित कर दी जाएगी।
वन्यजीवों की सुरक्षा का ख्याल
मंडला क्षेत्र के बीच से यह सड़क गुजरती है। यहां कान्हा नेशनल पार्क का कोर क्षेत्र आता है। इसलिए सड़क निर्माण में वन्यजीवों की सुरक्षा पर जोर होगा। जगह-जगह अंडरपास और ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। इससे जानवरों को परेशान किए बिना वाहन निकल सकेंगे। कई जगह साउंड प्रूफ उपकरण भी लगाए जाएंगे। इसकी अनुमानित लागत करीब 25 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर है।
खराब सड़क से लोग परेशान
फिलहाल यह सड़क दो लेन की है। बारिश के मौसम में हालत और खराब हो जाती है। जगह-जगह गाड़ियां फंस जाती हैं। लैंडस्लाइडिंग की समस्या भी बनी रहती है। यात्रियों की शिकायतें एमपीआरडीसी तक पहुंचीं, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। निर्माण की गुणवत्ता बेहद खराब थी।
गडकरी ने मांगी थी माफी
यही वह सड़क है, जिसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को सार्वजनिक माफी मांगनी पड़ी थी। वर्ष 2022 में मंडला दौरे पर गडकरी ने सड़क की खराब दशा देखकर मंच से ही अफसोस जताया था। उन्होंने कहा था कि इस स्थिति पर उन्हें शर्मिंदगी महसूस हो रही है। उनके साथ उस वक्त शिवराज सिंह चौहान और अन्य मंत्री मौजूद थे। इसके बाद गडकरी ने टेंडर रद्द कर नए सिरे से सुधार के निर्देश दिए थे।
अधूरा निर्माण और नई उम्मीद
दरअसल, 2015 में जबलपुर से मंडला तक इस सड़क का निर्माण एमपीआरडीसी को सौंपा गया था। तीन फेस में बनने वाले इस प्रोजेक्ट को 2016 तक पूरा होना था। लेकिन आज तक काम अधूरा है। जहां काम हुआ है, वहां घटिया निर्माण की वजह से सड़क टूट रही है।
अब NHAI ने इस सड़क को अपने हाथों में लेने की तैयारी की है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमृत लाल साहू ने बताया कि जल्द ही डीपीआर तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। मंजूरी मिलते ही काम शुरू होगा। इससे जबलपुर से रायपुर की यात्रा सुरक्षित और आसान हो जाएगी।







