MP News : सतना नगर निगम क्षेत्र में सीवर लाइन की सफाई के दौरान जहरीली गैस से एक मजदूर की मौत हो गई। दो मजदूर गंभीर हालत में हैं। घटना पर लोगों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया।
सतना में सीवर सफाई के दौरान हादसा, एक मजदूर की मौत
सतना शहर के कृपालपुर इलाके में सीवर लाइन की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सफाई के लिए तीन मजदूर सीवर पाइप में उतरे। अंदर मिथेन गैस का रिसाव हो रहा था। जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों बेहोश हो गए।
लोगों ने तुरंत सभी को निकालने का प्रयास किया। लेकिन तब तक मजदूर अमित कुमार की मौत हो चुकी थी। दो अन्य मजदूर गंभीर हालत में हैं। उनकी पहचान अभी नहीं हो सकी।
नगर निगम पर गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे की जानकारी तुरंत 112, फायर ब्रिगेड और नगर निगम को दी गई। लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इस कारण नाराज लोगों ने खुद ही मजदूरों को बाहर निकाला। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
स्थानीय युवक ने बचाई जान
स्थानीय नागरिक सौरभ सिंह ने साहस दिखाया। उन्होंने ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की। अपने साथियों के साथ सीवर में उतरे और बेहोश मजदूरों को बाहर निकाला। बाद में उन्होंने कोलगवां थाने में शिकायत देकर जिम्मेदारों पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की।
लगातार हो रहे हादसे
यह पहला मामला नहीं है। 22 सितंबर को भी शहर में दो सफाई कर्मचारी जहरीली गैस से बेहोश हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। आंकड़े बताते हैं कि 2019 से 2024 के बीच देशभर में 430 लोग सीवर और सेप्टिक टैंक सफाई के दौरान मौत के शिकार हुए हैं।
कांग्रेस का प्रदर्शन
हादसे के बाद जिला कांग्रेस के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। उन्हें गंभीर रूप से घायल दोनों मजदूर नहीं मिले। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि घायलों को ठेकेदार ने गायब कर दिया। जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाहा ने मृतक को 50 लाख मुआवजा देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी और ठेकेदार सीधे जिम्मेदार हैं। मौके पर सुरक्षा किट और सुपरविजन नहीं था। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में लगातार लापरवाही हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।
मुआवजे का आश्वासन
ठेकेदार और जिम्मेदार एजेंसी ने अपनी गलती मानी है। मृतक के परिवार को 12 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गई है। साथ ही एफआईआर दर्ज कराने की बात भी कही गई है।







