MP News : मध्य प्रदेश के सिहोरा में चितावर माता मंदिर के पास सड़क किनारे मिला तेंदुए का शव। वन विभाग ने क्षेत्र को सील कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण पता चलेगा।
सिहोरा में सड़क किनारे मिला तेंदुए का शव
मध्य प्रदेश के सिहोरा में मंगलवार सुबह एक तेंदुए का शव मिला। शव चितावर माता मंदिर के सामने सड़क किनारे पड़ा था। यह देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन अधिकारी ऋषि मिश्रा के नेतृत्व में इलाके को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया। टीम ने घटनास्थल से सबूत और नमूने जुटाए। इसके साथ ही शहडोल से डॉग स्क्वायड टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, मृत तेंदुआ लगभग आठ महीने का नर था। अभी तक उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट होगा। यह मामला शिकार का है या दुर्घटना से जुड़ा, इसकी पुष्टि तभी होगी।
गौरतलब है कि सिहोरा वन परिक्षेत्र में बीते 20 दिनों में यह दूसरी तेंदुए की मौत है। इससे पहले 24 अक्टूबर को सारदा जिले के घुघरा नेचर फार्महाउस में एक तेंदुए की करंट लगने से मौत हो गई थी। उस घटना की जांच एसटीएफ को सौंपी गई थी, लेकिन अब तक शिकारियों का कोई सुराग नहीं मिला है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग और पर्यावरण प्रेमी वन विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।







