MP News : ग्वालियर जिले की डबरा तहसील स्थित मणप्पुरम फाइनेंस शाखा में बड़ा सोना घोटाला सामने आया। 26 ग्राहकों का 4 किलो 380 ग्राम सोना नकली से बदला गया। मामले की जांच जारी।
मणप्पुरम फाइनेंस डबरा शाखा में बड़ा सोना घोटाला
ग्वालियर जिले की डबरा तहसील में मणप्पुरम फाइनेंस की शाखा में बड़ा घोटाला सामने आया है। यहां असली सोने को बदलकर नकली रखा गया। कंपनी की ऑडिट के दौरान खुलासा हुआ कि 26 ग्राहकों का 4 किलो 380 ग्राम सोना गायब है। इस सोने की कीमत करीब साढ़े चार करोड़ रुपए बताई जा रही है।
ग्राहक की शिकायत से खुला राज
यह मामला तब सामने आया जब एक ग्राहक अपना सोना लेने पहुंचा। पैकेट खोलने पर पता चला कि उसका सोना नकली है। इसके बाद कंपनी ने लाकर खोले और जांच की। आठ लॉकरों की जांच में 26 पैकेट नकली पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही विजिलेंस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
कंपनी का कामकाज
मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी गोल्ड लोन का काम करती है। ग्राहक जेवर गिरवी रखते हैं और उसके आधार पर लोन मिलता है। जेवर की जांच कंपनी का सुनार करता है। इसके बाद सोने को पैक कर सील लगाई जाती है। फिर पैकेट लाकर में रखा जाता है। शाखा में असिस्टेंट मैनेजर विकास शर्मा और मैनेजर चंद्रभान कुशवाहा पदस्थ हैं। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

ग्राहकों में आक्रोश
जिन ग्राहकों का सोना बदला गया है वे दहशत में हैं। कई लोग कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। ग्राहकों का कहना है कि मेहनत की कमाई से बने जेवर लोन के लिए गिरवी रखे थे। वही जेवर कंपनी के लाकर से गायब हो गए। लोगों ने सरकार और प्रशासन से सख्त कदम उठाने और सोना वापस दिलाने की मांग की है।
पुलिस की जांच
पुलिस का कहना है कि कंपनी के अधिकारियों ने आवेदन दिया है। जांच जारी है। फिलहाल मामले में जिम्मेदारों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।







