MP News : भोपाल के सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर विशेष आयोजन होगा। 11 नवंबर से “राष्ट्रीय एकता पदयात्रा” शुरू होगी, जिसमें जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और युवा शामिल होंगे।
भोपाल में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर विशेष आयोजन
भोपाल। सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर विशेष आयोजन किया जाएगा। पूरा देश इस अवसर को उत्साह से मना रहा है।
उन्होंने बताया कि “राष्ट्रीय एकता पदयात्रा” एकता और अखंड भारत का संदेश लेकर निकलेगी। यह पदयात्रा भोपाल लोकसभा क्षेत्र में तीन चरणों में आयोजित होगी। यात्रा की शुरुआत 11 नवंबर से होगी। इसमें जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और युवा संगठन शामिल होंगे।
आलोक शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक राष्ट्रीय स्तर पर पदयात्रा का आयोजन करेंगी। इस दौरान देशभर के लोग सरदार पटेल के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेंगे।
स्कूलों और कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों से युवाओं का उत्साह बढ़ेगा और उनमें राष्ट्रगौरव की भावना मजबूत होगी।
सांसद ने बताया कि पदयात्रा के दौरान युवाओं को नशा मुक्त भारत और स्वदेशी अभियान से भी जोड़ा जाएगा। “MY Bharat” पोर्टल के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रनिर्माण अभियान में भाग लेने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की प्रेरणा से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार किया जाएगा।
आलोक शर्मा ने यह भी कहा कि पदयात्रा में भोपाल के इतिहास की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने मांग की कि भोपाल के इतिहास को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए। उनका कहना था कि नवाब हमीदुल्लाह भोपाल को पाकिस्तान में मिलाना चाहता था, इसलिए छात्रों को असली इतिहास जानना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि 1947 में देश आजाद हुआ था, पर भोपाल को आजादी बाद में मिली। भोपाल को स्वतंत्र कराने के लिए कई लोगों ने बलिदान दिया था। सांसद ने कहा कि इतिहास को जानना राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करेगा।







