MP News : सतना में दुर्गा प्रतिमाओं को कार्टून जैसी आकृति देने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने कड़ा विरोध जताया। परिषद ने चेतावनी दी कि परंपरा से छेड़छाड़ पर आंदोलन होगा।
सतना में कार्टून जैसी दुर्गा प्रतिमा पर विवाद
सतना में मां दुर्गा की प्रतिमाओं को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने कार्टून जैसी आकृति में प्रतिमा बनाने का विरोध किया है।
विहिप जिला मंत्री विपिन सिंह ने कहा कि दुर्गा उत्सव शक्ति उपासना का पर्व है। इसमें मां की प्रतिमा भी उसी भाव से बनाई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्टून जैसी प्रतिमाएं आस्था से खिलवाड़ हैं।
बजरंग दल जिला संयोजक आदर्श त्रिपाठी के नेतृत्व में टोली पंडालों का दौरा कर रही है। यह टोली मूर्तिकारों से बातचीत कर उन्हें समझा रही है कि ऐसे प्रयोग धर्म को बदनाम करने वाली साजिश हो सकते हैं।
विहिप ने हिंदू समाज से अपील की है कि परंपरा से न जुड़ी आकृतियों का विरोध करें। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि मूर्तिकार नहीं रुके तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
रविवार को सीएसपी देवेंद्र सिंह ने मूर्तिकारों और पंडाल संचालकों की बैठक बुलाई। पुलिस प्रशासन ने साफ निर्देश दिए कि प्रतिमाएं धार्मिक परंपरा के अनुरूप बनें। किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत न हों, इसका ध्यान रखा जाए।
विवाद के बीच प्रतिमा निर्माण पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि मूर्तिकार किस दिशा में कदम उठाते हैं।







