प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार जिले के भैंसोल गांव में देश के पहले और सबसे बड़े पीएम मित्रा पार्क का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने सुरक्षा, रोजगार, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत 2047 का संकल्प रखा।
धार में पीएम मोदी का ऐलान: पीएम मित्रा पार्क से बदलेगी तस्वीर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार जिले के भैंसोल गांव में देश के सबसे बड़े पीएम मित्रा पार्क का उद्घाटन किया। यह मौका खास इसलिए भी रहा क्योंकि आज प्रधानमंत्री का 75वां जन्मदिन था। उन्होंने यहां विकास, रोजगार और सुरक्षा को लेकर बड़ा विजन सामने रखा। मोदी ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प इसी धरती से पूरा किया जाएगा।
मोदी के भाषण की मुख्य बातें
1- नया भारत, नई ताकत : मोदी ने कहा कि यह नया भारत है। अब यह देश किसी दबाव या धमकी के आगे नहीं झुकता। चाहे आतंकी हमले हों या सीमाई चुनौतियां, अब भारत घर में घुसकर जवाब देता है।
2- राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि : प्रधानमंत्री ने साफ कहा कि मां भारती की रक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है।
3- रोजगार का वादा : पीएम मित्रा पार्क से करीब 3 लाख रोजगार बनेंगे। इनमें 1 लाख सीधे और 2 लाख अप्रत्यक्ष होंगे।
4- निवेश का प्रवाह : पार्क के लिए अब तक 23,000 करोड़ से ज्यादा निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

5- किसानों को फायदा : यह पार्क किसानों को कपास की बिक्री पर ही नहीं रोकेगा, बल्कि उन्हें पूरी वैल्यू चेन से जोड़ेगा। अब कपास से लेकर धागा, कपड़ा और निर्यात तक किसान जुड़ सकेंगे। इससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार तक भी पहुंच मिलेगी।
6- 5F मॉडल : पीएम मोदी ने कहा कि यह पार्क उनके 5F विजन- फार्म, फाइबर, फैक्ट्री, फैशन और फॉरेन पर आधारित है। इससे भारत का टेक्सटाइल सेक्टर आत्मनिर्भर बनेगा।
7- आधुनिक सुविधाएं : 2,150 एकड़ में बने इस पार्क में वेस्ट वॉटर प्लांट, सोलर एनर्जी यूनिट, सड़कें, बिजली और वर्कर हाउसिंग की सुविधाएं होंगी।
8- महिलाओं पर फोकस : पीएम ने स्वास्थ नारी-शक्तिशाली परिवार अभियान और पोषण माह की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त राष्ट्र की नींव है।
9- स्वदेशी का आह्वान : मोदी ने कहा कि गांधी जी ने स्वदेशी का सपना दिया था। यह सपना पूरा करने के लिए हर नागरिक को भारतीय उत्पाद अपनाने होंगे। तभी 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा।
मध्यप्रदेश को मिला बड़ा तोहफा
मध्यप्रदेश भारत का सबसे बड़ा ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादक राज्य है। यहां के किसान लंबे समय से सिर्फ कच्चे कपास पर निर्भर रहे। अब इस पार्क से उन्हें पूरी टेक्सटाइल चेन से जुड़कर बेहतर आय मिलेगी। धार का चयन इसलिए भी खास है क्योंकि यह मुंबई और दिल्ली जैसे बड़े बाजारों के बीच रणनीतिक स्थान रखता है।
इस परियोजना से प्रदेश और देश, दोनों की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और उद्योग को मजबूती मिलेगी। पीएम मोदी के इस ऐलान से धार को भारत का “टेक्सटाइल हब” बनाने का रास्ता साफ दिख रहा है।







