MP News : पंजाब के फिरोजपुर जिले की साइबर सेल ने मध्य प्रदेश के मैहर इलाके से साइबर ठगी गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया। आरोपी लॉटरी के नाम पर ठगी करता था। पुलिस ने स्कॉर्पियो कार भी बरामद की।
पंजाब के फिरोजपुर जिले की साइबर सेल टीम ने मध्य प्रदेश के सतना जिले के मैहर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम गोरा निवासी अनूप पटेल को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का हिस्सा था। गिरोह लॉटरी के नाम पर लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाता था।
शिकायत पर हुई जांच
फिरोजपुर जिले के एक युवक ने पुलिस में शिकायत दी थी। उसने बताया कि ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर उससे 12 लाख रुपये की ठगी हुई है। जांच में पता चला कि आरोपी मध्य प्रदेश के मैहर इलाके में रहते हैं।
इसके बाद फिरोजपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम मैहर पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से देर रात छापेमारी हुई। अमरपाटन थाना के ग्राम गोरा में दबिश देकर अनूप पटेल को घर से गिरफ्तार किया गया।
स्कॉर्पियो बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से “पुलिस” लिखी एक स्कॉर्पियो कार बरामद की है। जांच में पता चला कि यह कार ठगी के दौरान उपयोग होती थी। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।
ट्रांजिट रिमांड लेकर पूछताछ
गिरफ्तार आरोपी को मैहर न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने ट्रांजिट रिमांड दिया। इसके बाद आरोपी को पूछताछ के लिए फिरोजपुर लाया गया।
साइबर सेल अधिकारी नवनीत कौर ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से ठगी में सक्रिय था। यह पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों के लोगों को निशाना बना चुका है। शिकायत मिलने के बाद ही टीम मध्य प्रदेश गई और आरोपी को गिरफ्तार किया।
डिजिटल साक्ष्य की जांच
थाना प्रभारी अमरपाटन विजय परस्ते ने कहा कि आरोपी से साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल हुए मोबाइल, बैंक खाते और डिजिटल लेन-देन की जांच हो रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के नाम बताए हैं। दोनों फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी भी तलाश में है और लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द होगी। इस मामले में साइबर विशेषज्ञों की टीम डिजिटल सबूत इकट्ठा कर रही है।







