Sidhi News : सीधी जिले के टमसार गांव में डायरिया का प्रकोप, 20 से ज्यादा लोग बीमार

By: Degital Team

On: Wednesday, September 10, 2025 12:35 PM

Sidhi News : सीधी जिले के टमसार गांव में डायरिया का प्रकोप, 20 से ज्यादा लोग बीमार
Google News
Follow Us
---Advertisement---

Sidhi News : सीधी जिले के कुसमी विकासखंड के टमसार गांव के बैगान टोला में डायरिया फैलने से अफरा-तफरी मच गई है। 20 से ज्यादा ग्रामीण बीमार, स्वास्थ्य विभाग ने लगाया विशेष स्वास्थ्य शिविर।

सीधी जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत टमसार गांव के बैगान टोला में डायरिया का प्रकोप देखने को मिला है। बीते चार दिनों में 20 से ज्यादा ग्रामीण उल्टी-दस्त की चपेट में आ चुके हैं। इनमें छोटे बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। अचानक बढ़े मरीजों की संख्या से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, डायरिया का पहला मरीज 4 सितंबर को सामने आया था। इसके बाद पांच सितंबर को 4, छह सितंबर को 5, सात सितंबर को 8 और आठ सितंबर को 4 ग्रामीण बीमार हो गए। इस तरह कुल 20 से अधिक लोग प्रभावित हो चुके हैं। इनमें से 20 मरीजों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टमसार में किया गया है। वहीं दो गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल सीधी रेफर किया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर स्वारोचिष सोमवंशी ने अधिकारियों को गांव भेजा। एसडीएम आर.पी. त्रिपाठी और सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। ग्रामीण सरपंच मकरंद सिंह उइके और राम बहादुर प्रजापति भी स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ सक्रिय रहे। बीमारों को अस्पताल तक पहुंचाने में ग्रामीणों ने मदद की। दवाइयों की कमी होने पर सरपंच ने निजी क्लिनिक से दवाइयां उपलब्ध कराईं। गांव के कुएं में संक्रमण रोकथाम के लिए ब्लीचिंग पाउडर भी डलवाया गया।

कुसमी सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम टमसार गई। गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। यहां करीब 80 ग्रामीणों की जांच की गई। डायरिया से पीड़ित मरीजों को दवाइयां दी गईं। गंभीर मरीजों को तत्काल एंबुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

फिलहाल मरीजों को समय पर उपचार मिलने से हालत में सुधार है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अब स्थिति नियंत्रण में है और गांव में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

For Feedback - editor@newsonehindi.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now