Singrauli News : सिंगरौली जिले के बिहरा के रहने वाले किसान शिवप्रसाद शाह ने अपनी कम पढ़ाई लिखाई को आड़े नहीं आने दिया और गेंदा फूल की खेती को परिवार के भरण-पोषण के साथ आय का जरिया बना लिया, वह भी मात्र 20 से 25 डिसमिल में। अपनी सफलता की कहानी को साझा करते हुए किसान शिव प्रसाद बताते है कि 2001 में पढ़ाई छूटी तो वे सीधे खेती किसानी करने लगे। कुछ वर्षों तक उन्होंने परंपरागत फसलें उगाई। इससे वे कठिन परिश्रम के बाद परिवार का पेट ही भर पाए लेकिन बच्चों के पालन पोषण की बढ़ती जिम्मेदारियों ने उन्हें कुछ अलग तरह से कार्य करने पर मजबूर कर दिया।
तब तक 7 साल गुजर चुके थे। वर्ष 2008 में वे कृषि विज्ञान केन्द्र आए और वहां पर कृषि वैज्ञानिकों के द्वारा दी गई जानकारी से बहुत प्रभावित हुए। एक प्रशिक्षण के बाद वे अपने खेतों में मचिग विधि से सिंचाई करते हुए टमाटर की फसल उगाने लगे। एक-दो फसल के उत्पादन और कृषि की नई वैज्ञानिक तकनीकों को जानने के लिए वे कृषि विज्ञान केंद्र देवरा पहुंचते रहे। यहां पर चलने वाले अलग अलग प्रशिक्षण सत्रों में उन्होंने उद्यानिकी विभाग के एक अधिकारी से गेंदा के फूल की खेती के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद उन्होंने 2016-17 में पहली बार एक एकड़ में टमाटर के साथ-साथ उसके आसपास गेंदे की खेती भी की।
गेंदे की फसल ने वातावरण में भी ताजगी ला दी
शिव प्रसाद बताते हैं कि टमाटर की फसल के आसपास गेंदे की फसल से टमाटर की पैदावार भी बढ़ी और उसमें लगने वाले कीट-पतंगों से भी राहत मिली। घर के आसपास लगी गेंदे की फसल ने वातावरण में भी ताजगी ला दी। पहली बार जब गेंदे के फूल आने शुरू हुए तो उद्यानिकी विभाग के आरईओ शैलेन्द्र जायसवाल के पास पहुंचे व जानकारी देकर फूलों को बाजार पहुंचाने की तैयारी करने लगे।
10 दिन में निकलता है 100kg फूल
शिव प्रसाद कहते हैं कि क बार गेंदे के पौधे तैयार हुए तो फिर हर चौथे पांचवें दिन 50 से लेकर 80 किग्रा फूल महज 25 डिसमिल एरिया में लगी गेंदे के पौधों से मिलने शुरू हो गये। सामान्य तौर पर उन्हें 40 से 50 रूपये प्रति किग्रा फूल के भाव मिले और विवाह आदि के सीजन में 80 से 100 रूपये प्रति किग्रा तक फूल के दाम मिले तो छह महीने की फसल में उन्हें लागत निकाल कर 50 से 60 हजार रूपये का मुनाफा हुआ। यह उनके लिए किसी करिश्मे से कम नहीं था। जिसके बाद तो शिव प्रसाद ने गेंदें की खेती के लिए अलग से ही 25 से 30 डिसमिल खेत तैयार कर दिया और सालभर में एक लाख रूपये के फूल बेचकर वे समृद्धि और आय को दोगुना करने वाले किसान बनकर युवा किसानों के प्रेरणास्त्रोत बन गये हैं।
ये भी पढ़ें :