Rewa News : मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव को मऊगंज की सभा में लोकगायिका राखी द्विवेदी ने ‘विंध्य के जीजा जी’ कहकर खास गीत समर्पित किया। सीएम ने कलाकार को 50 हजार रुपये का इनाम दिया।
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव बने विंध्य के जीजाजी
मध्य प्रदेश में राजनीति का रंग इस बार सांस्कृतिक रंग से भर गया। मऊगंज जिले के देवतालाब में लोकगायिका राखी द्विवेदी ने मंच से ऐसा गीत गाया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लोग विंध्य क्षेत्र का जीजाजी कहने लगे।
राखी द्विवेदी का गीत
जनसभा के दौरान राखी द्विवेदी ने गीत गाया – “हैं दिलदारों में दिलदार, मोहन जीजाजी हमार।”
गीत सुनकर माहौल तालियों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री खुद मुस्कुराए और गायिका की तारीफ करते हुए मंच से घोषणा की। उन्होंने राखी को 50 हजार रुपये इनाम देने की बात कही।

रीवा से जुड़ा है रिश्ता
लोकगायिका राखी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव का ससुराल रीवा में है। इस कारण उन्हें जीजाजी कहना श्रोताओं को और भी नजदीक महसूस कराता है। राखी ने कहा कि इस गीत को पहले लिखा गया। फिर उनके बाबा ने मदद की। जब कलेक्टर को सुनाया गया, तब उन्होंने इसे मंजूरी दी।
लोकगायिका की पहचान
राखी द्विवेदी सिर्फ 18 साल की हैं। लेकिन उनकी पहचान भगवान के भजनों और बघेली लोकगीतों से बन चुकी है। उन्होंने बताया कि वह शिक्षक परिवार से हैं। उनके पिता शिक्षक हैं और बाबा कॉलेज प्राचार्य रह चुके हैं। मां गृहिणी हैं और उनकी प्रेरणा भी।
मनोज तिवारी ने भी दी थी तारीफ
राखी ने बताया कि जब वह केवल पांच साल की थीं, तब भोजपुरी गायक व सांसद मनोज तिवारी रीवा आए थे।
उस समय उन्होंने मंच साझा किया था। मनोज तिवारी ने मजाक में कहा था, “ये गाना लेकर पैदा हुई है क्या?”
उम्मीदें
राखी हंसते हुए कहती हैं कि लोग प्रशंसा भी करते हैं और आलोचना भी। लेकिन वह यही मानती हैं कि सफलता एक बार की नहीं होती, बल्कि कई अवसरों से मिलती है। राखी के राखी म्यूजिकल ग्रुप के जरिए वह कई राज्यों में कार्यक्रम कर चुकी हैं। अब उनका सपना है कि बघेली लोकगीत पूरे देश में पहचान पाए।







