Sidhi News : सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र के ग्राम दरीमाडोल में एक युवक हाई वोल्टेज बिजली के खंभे पर चढ़ गया। आत्महत्या की धमकी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सूझबूझ से युवक की जान बचाई।
सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा टल गया। ग्राम दरीमाडोल में एक युवक अचानक हाई वोल्टेज बिजली के खंभे पर चढ़ गया। युवक ने कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी।
खंभे में बिजली चालू थी। वहां मौजूद ग्रामीणों की सांसें थम गईं। लोग युवक को नीचे उतरने के लिए मिन्नतें करने लगे। लेकिन युवक किसी की बात मानने को तैयार नहीं था।
घटना की जानकारी मिलते ही मड़वास पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे हालात पर नजर रखी। धीरे-धीरे बातचीत कर युवक को समझाया गया। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
ग्राम में राहत की सांस ली गई। लोग पुलिस की सूझबूझ की तारीफ करने लगे। वहीं युवक के इस कदम के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।







