Singrauli News : शुक्रवार को बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम गडरिया के समीप उसकी पहरी के जंगल में एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की पहचान अरविंद बसोर निवासी बरहवा टोला के तौर पर हुई है। बताया जाता है कि युवक की मौत करंट लगने से हुई है।
जानकारी अनुसार मृतक अरविंद बसोर का शव लोगों ने देखकर पुलिस को सूचित किया था। जिसके बाद निरीक्षक आर पी सिंह सदल बल घटनास्थल पर पहुंचे थे। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार अरविंद बसोर अपने रिश्तेदारी में आया था। जहां रिश्तेदार के भाई राकेश बसोर के साथ सुबह शौच करने गया था। वहाँ नंगी तार की चपेट में आने से अरविंद बसोर की घटनास्थल पर मौत हो गई, वहीं राकेश बसोर अचेत होकर गिर पड़ा।
होश आने के बाद उसने इसकी सूचना घर पर दी। जिसके बाद ग्रामीण वहां पहुंच सके। फिलहाल राकेश बसोर का इलाज बैढ़न ट्रामा सेंटर में जारी है। इधर पुलिस ने अरविंद के शव का पंचनामा तैयार कर पीएम हेतु भिजवाया है।
हालांकि इस मामले में घटनास्थल के समीप कोई विद्युत तार नहीं होने से पुलिस का शक गहरा रहा है। वहीं लोगों की माने तो सूअर मारने के तार की चपेट में आने से अरविंद की मौत हुई होगी। फिलहाल इस घटना की विवेचना में बरगवां पुलिस जुटी है।