मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया। पुलिस ने नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मऊगंज में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार
मऊगंज। जिले के लौर थाना क्षेत्र से शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में नाबालिग सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार शाम की है। किशोरी घर से पानी भरने निकली थी। उसी दौरान तीनों आरोपी वहां पहुंचे और उसे जबरन पकड़ लिया। वे किशोरी को खींचकर स्कूल परिसर के अंदर ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
किशोरी ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और धमकाया। किसी तरह किशोरी घर पहुंची और स्वजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने लौर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शनिवार को सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मऊगंज एसपी दिलीप सोनी ने बताया कि मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। अब मजिस्ट्रेट के सामने किशोरी के बयान दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।







