CBSE ने सिंगल गर्ल चाइल्ड स्कॉलरशिप 2025 के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। योग्य छात्राएं नए आवेदन या 2024 के नवीनीकरण के लिए cbse.gov.in पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकती हैं।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सिंगल गर्ल चाइल्ड स्कॉलरशिप 2025 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। योग्य छात्राएं आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकती हैं। इसके साथ ही 2024 में मिली छात्रवृत्ति का नवीनीकरण भी किया जा सकता है।
यह छात्रवृत्ति केवल उन छात्राओं को दी जाती है जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। शर्त यह है कि छात्रा ने कक्षा 10वीं की परीक्षा में कम से कम 60% अंक प्राप्त किए हों। चयनित छात्राओं को हर महीने 500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। यह लाभ अधिकतम दो साल तक जारी रहेगा।
दो प्रकार के आवेदन
इस योजना के तहत आवेदन दो श्रेणियों में बांटे गए हैं।
पहली स्कॉलरशिप “Single Girl Child Scholarship X-2025” है। इसके लिए वही छात्राएं पात्र हैं जिन्होंने 2025 में CBSE से 10वीं पास की है और अब कक्षा 11 में CBSE स्कूल में पढ़ रही हैं।
दूसरी स्कॉलरशिप “Single Girl Child Scholarship X-2024 (Renewal 2025)” है। इसके लिए वही छात्राएं आवेदन कर सकती हैं जिन्हें 2024 में यह छात्रवृत्ति मिली थी।
पात्रता शर्तें
- आवेदक भारतीय नागरिक होनी चाहिए।
- छात्रा अपने माता-पिता की इकलौती संतान हो।
- कक्षा 10वीं की CBSE परीक्षा में कम से कम 60% अंक प्राप्त किए हों।
- छात्रा वर्तमान में CBSE से संबद्ध स्कूल में कक्षा 11 या 12 में पढ़ रही हो।
- ट्यूशन फीस 1,500 रुपये प्रति माह से अधिक न हो।
- NRI छात्राओं के लिए यह सीमा 6,000 रुपये प्रति माह निर्धारित है।
आवेदन प्रक्रिया
- छात्राओं को आवेदन करने के लिए CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.nic.in या cbse.gov.in पर जाना होगा।
- होमपेज पर “Single Girl Child Scholarship X-2025 REG” लिंक चुनें।
- नए आवेदन या नवीनीकरण का विकल्प चुनें।
- मांगी गई जानकारी भरें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- फॉर्म सबमिट करने के बाद आवेदन पत्र की एक कॉपी सुरक्षित रख लें।
यह योजना उन छात्राओं के लिए बड़ी मदद साबित हो सकती है जो पढ़ाई में आगे बढ़ना चाहती हैं लेकिन आर्थिक कारणों से रुकावट का सामना कर रही हैं।







