Education Loan : केंद्र सरकार ने पीएम विद्यालक्ष्मी योजना 2024 शुरू की है। इसके तहत चुनिंदा संस्थानों में दाखिला लेने वाले छात्रों को बिना गारंटी और सस्ती दर पर शिक्षा लोन मिलेगा। जानें इस योजना के फायदे और आवेदन प्रक्रिया।
Education Loan : अब पैसों की कमी नहीं रोकेगी पढ़ाई
केंद्र सरकार ने छात्रों की पढ़ाई को बिना रुकावट के जारी रखने के लिए नई योजना शुरू की है। इसे पीएम विद्यालक्ष्मी योजना 2024 कहा गया है। इस योजना के तहत देश के चुनिंदा संस्थानों में एडमिशन लेने वाले छात्रों को बिना गारंटी और आसान ब्याज दर पर शिक्षा लोन मिलेगा।
कौन कर सकता है आवेदन
इस योजना का लाभ 12वीं पास या इस साल परीक्षा देने वाले छात्र उठा सकते हैं। शर्त यह है कि उन्हें देश के प्रीमियम संस्थानों में दाखिला लेना होगा। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन है। छात्रों को अब किसी लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा।

आय के आधार पर लाभ
जिन परिवारों की वार्षिक आय 4.5 लाख रुपए तक है, उनके पूरे लोन का ब्याज सरकार चुकाएगी।
4.5 से 8 लाख आय वाले परिवारों को 10 लाख तक के लोन पर 3% ब्याज अनुदान मिलेगा।
मोरेटोरियम पीरियड का लाभ
छात्रों को पढ़ाई पूरी होने के बाद तुरंत किस्त नहीं भरनी होगी। योजना में पूरा कोर्स खत्म होने और उसके एक साल बाद तक मोरेटोरियम पीरियड मिलेगा। इसका मतलब है कि नौकरी मिलने और आर्थिक रूप से संभलने तक छात्रों को राहत रहेगी।
902 संस्थान शामिल
इस योजना को पूरे देश के 902 प्रीमियम संस्थानों में लागू किया गया है।
- 427 केंद्र सरकार संस्थान
- 230 राज्य सरकार संस्थान
- 245 निजी विश्वविद्यालय और कॉलेज

मध्य प्रदेश में 21 संस्थान
मध्य प्रदेश के 21 उच्च शिक्षा संस्थान भी इस योजना में शामिल हैं। इनमें एम्स भोपाल, आईआईटी इंदौर, मैनिट भोपाल, आईसर भोपाल, एनएलआईयू भोपाल और देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी इंदौर प्रमुख हैं।
मेडिकल के लिए एम्स भोपाल, इंजीनियरिंग में आईआईटी इंदौर और मैनिट भोपाल, साइंस व टेक्नोलॉजी में आईसर भोपाल, कानून के लिए एनएलआईयू भोपाल, मैनेजमेंट में आईआईएफ इंदौर और खेल शिक्षा के लिए लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन ग्वालियर को विशेष रूप से जोड़ा गया है।
कैसे करें आवेदन ?
इस योजना का नोडल बैंक कैनरा बैंक है। आवेदन के लिए छात्रों को https://pmvidyalaxmi.co.in पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। शिक्षा मंत्रालय की वेबसाइट https://dashboard.aishe.gov.in पर संस्थानों की पूरी सूची देखी जा सकती है।







