MPPSC Result 2024 : घोषित। सतना जिले के आशीष पाण्डेय ने ट्रेजरी ऑफिसर पद पर सफलता पाई। पिता गुजरात में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। यह आशीष का तीसरा प्रयास था।
MPPSC Result 2024 : मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 2024 की चयन सूची जारी कर दी है। इस सूची में सतना जिले के कई युवाओं ने सफलता हासिल की है। इन्हीं में से एक रैगांव क्षेत्र के इटौरा गांव के आशीष पाण्डेय भी शामिल हैं। आशीष का चयन ट्रेजरी ऑफिसर के पद पर हुआ है।
आशीष पाण्डेय के पिता उमेश पाण्डेय गुजरात के अंकलेश्वर में नौकरी करते रहे हैं। वे श्रीदत्त एग्रोफ्रेम फार्मा कंपनी में कार्यरत थे। रिटायरमेंट के बाद अब वे सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे हैं।

आशीष ने तीन प्रयासों में यह सफलता हासिल की है। उन्होंने पहली बार 2022 में परीक्षा दी थी पर सफलता नहीं मिली। 2023 में उन्होंने इंटरव्यू तक का सफर तय किया था। आयोग ने उस परीक्षा का अंतिम परिणाम अभी तक घोषित नहीं किया है। आशीष को उम्मीद है कि उस लिस्ट में उन्हें डिप्टी कलेक्टर की रैंक भी मिल सकती है।
आशीष का बचपन बेहद साधारण रहा है। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल, इटौरा से पूरी की। मिडिल और हाई स्कूल की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय, रहिकवारा से की। हायर सेकेण्डरी की शिक्षा व्यंकट क्रमांक-1 से और स्नातक की पढ़ाई डिग्री कॉलेज सतना से की।
आशीष ने ज्यादातर पढ़ाई स्वअध्ययन से ही की। हालांकि एक साल उन्होंने इंदौर से कोचिंग भी ली। आज उनकी मेहनत रंग लाई है। आशीष अपने परिवार के सबसे छोटे बेटे हैं। उनके बड़े भाई अनिल पाण्डेय पतौरा के हायर सेकेण्डरी विद्यालय में शिक्षक हैं। दो बड़ी बहनें जान्हवी और ज्योति का विवाह हो चुका है।
MPPSC की इस सफलता से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। आशीष पाण्डेय युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं।







